Monday 18 June 2012

मेरे पापा....


गाँवों की पगडंडियों पर मुझे घुमाते, मेरे पापा.
चार आने की चार टाफियां खिलाते, मेरे पापा..
पकड के उँगली मुझे स्कूल ले जाते, मेरे पापा.
बचपन में ही डाक्टर, इंजीनियर बनाते, मेरे पापा..
मेरी गलतियों पर मुझे चपत लगाते, मेरे पापा.
कुछ अच्छा करने पर पीठ थपथपाते, मेरे पापा..
जब कुछ बडा हुआ गलत सही समझाते, मेरे पापा.
दुनियां के हर शय से परिचित कराते, मेरे पापा..
अब मैं बडा हो गया हूँ,
अपने पैरों पर खडा हो गया हूँ.
तो बस यही सोचता हूँ,
क्या मैं बन पाउँगा, जैसे हैं मेरे पापा?
क्या मैं अपने बच्चे को वो सब दे पाउँगा?
क्या मैं मेरे पापा की तरह अच्छा पापा बन पाउँगा??
क्या मैं बन पाउँगा,
मेरे बच्चे के लिए...
मेरे पापा....

Friday 15 June 2012

हमें, इजाजत नहीं है !!!


हाल-ए-दिल अपना, सुनाने की इजाजत नहीं है.
हमें दुःख अपना, बताने की इजाजत नहीं है..
उन्हें फुरसत नहीं है, हमपर सितम करने से.
और हमें, छटपटाने की भी इजाजत नहीं है..
वो हमें लूटें, कि मारें, या चाहे कत्ल कर दें.
सर हमें अपना उठाने की इजाजत नहीं है..
अधिकार बोलने का सुरक्षित है, अब तो संसद में.
आवाम को तो खुसफुसाने की भी इजाजत नहीं है..
फुरकत में वो आज इतना है कि, मिलने को आता नहीं.
और हमको उसके पास, जाने की भी इजाजत नहीं है..
वो मजाक कर रहे हैं, देश के भविष्य से और.
कार्टून भी हमें उनका, बनाने की इजाजत नहीं है..

Tuesday 12 June 2012

बुनियाद जिसकी खोखली हो, वो मकान क्या होगी..


जो वदों से अपने मुकर जाए, वो जुबान क्या होगी.
बुनियाद जिसकी खोखली हो, वो मकान क्या होगी..
छाया तलक ना दे सके, वो वृक्ष है किस काम का.
दो बूंद को तरसे जमीं, वो आसमान क्या होगी..
फैला हुआ असमानता का जाल हो जिस देश में.
है सोचने की बात, वहाँ का संविधान क्या होगी..
हर फिक्र छोडकर के, सो जाता है ’श्वेत’ जिस जगह.
माँ के आँचल के सिवा, कोई और जहान क्या होगी..
रावण भरे पडे हैं यहाँ, राम के मुखौटों में.
है ’श्वेत’ सोच में पडा, विधि का विधान क्या होगी..

Monday 11 June 2012

बेहतर कई आए गये...


जिन्दगी की राह में, हमसफर कई आए गये.
हम अभी तक हैं वहीं, मंजर कई आए गये.. 
एक वही आया नहीं, आने का अहद जो कर गया.
वगरना दोस्त-औ-अदूं, इधर कई आए गये..
जिन्दगी में गम का कोहराम है कुछ इस कदर.
कि रात है बस रात है, सहर कई आए गये..
हर कोई समझे है बेहतर, जाने क्यों अपने आप को.
पर सच है 'श्वेत' कि यहाँ, बेहतर कई आए गये..

Sunday 10 June 2012

सितम सह के तू जिया ना कर…


सितम सह के तू जिया ना कर.
जहर के घूँट यूं पिया ना कर..
खुद ही उठा ले शमशीर अपने हाथों में.
करे कोई हिफाजत ये इल्तेजा ना कर..
आप ना उठाई आवाज जुल्म के खिलाफ तो.
इल्जाम दूसरों पर तू किया ना कर..
सजा-ए-मौत है मन्जूर मुझे ऐ ’श्वेत’.
बद्दुआ जीने की मुझको दिया ना कर..

एक नया सा जहाँ बसायेंगे…


एक नया सा जहाँ बसायेंगे.
शामियाने नये सजायेंगे..
जहाँ खुशियों की बारिशें होंगी.
गम की ना कोई भी जगह होगी..
रात होगी तो बस सुकूं के लिये.
खिलखिलाती हुई सुबह होगी..
कोई किसी से ना नफरत करेगा.
करेगा प्यार, मोहब्बत करेगा..
जहाँ बच्चे ना भूखे सोयेंगे.
अपना बचपन कभी ना खोयेंगे..
देश का होगा, विकास जहाँ.
नेता होंगे सुभाष जैसे जहाँ..
जुल्म की दस्तां नहीं होगी.
अश्क से आँख ना पुरनम होगी..
राम-रहीम में, होगा ना कोई फर्क यहाँ.
ऐ खुदा तू भी, रह सकेगा जहाँ – २..
ना बना पाये, इस धरती को हम, स्वर्ग तो क्या.
इन्सां के रहने के, काबिल तो बना सकते हैं…
इन्सां के रहने के, काबिल तो बना सकते हैं…

जब तक आप ना बीते, तब तक हम सोते ही रह्ते हैं…

कोई नहीं कुछ करता है, इस बात पर रोते रह्ते हैं.
पर जब तक आप ना बीते, तब तक हम सोते ही रह्ते हैं..
उस पर बीत रही है, उससे हमको क्या लेना-देना.
इस पचडे में पडने से, अच्छा है यारा दूर रहना..
कर्तव्यों से मुंह चुराकर अपना, हम सबकुछ खोते रह्ते हैं…
पर जब तक आप ना बीते, तब तक हम सोते ही रह्ते हैं..
गर आग पडोस में लगी है, अपने घर तक तो आनी ही है.
रेत में मुंह छुपा लेना, ये बात तो बेमानी ही है..
क्यों अत्याचारों का बोझ, हम जीवन भर ढोते रहते हैं???
पर जब तक आप ना बीते, तब तक हम सोते ही रह्ते हैं…
इन्सां वो भी, इन्सां हम भी,  वो एक हैं, हम हैं अनेक.
क्यों ना मिलकर हम सब, बन जयें एक ताकत नेक..
नींद उडा दें उनकी, जो हमें लडाकर, चैन से सोते रहते हैं…
पर जब तक आप ना बीते, तब तक हम सोते ही रह्ते हैं…
हक नहीं है हमको उन पर, उंगलियां उठाने का.
जब उनको हम, आगे बढने का मौका देते रहते हैं..
पर जब तक आप ना बीते, तब तक हम सोते ही रह्ते हैं…

कोई फैसला तो किया करो….


अच्छा हो कि बुरा हो, कोई फैसला तो किया करो.
एक ओहदा अता हुआ  है  तुम्हें, जरा इसका तो हक अदा करो…
तुम जिस जगह पहुँच गये, हो वहाँ के नही हकदार तुम.
पर क्या कुछ ऐसा भी है, कि हो नही खुद्दार तुम..
यूं आँख मूंदे रात कब तक, अब तो कोई सुबह करो…
एक ओहदा अता हुआ  है  तुम्हें, जरा इसका तो हक अदा करो…
कोई चुप कहे तो चुप रहे, कहे बोल तो तुम बोलते हो.
कुछ तो तुम्हें भी अक्ल होगी, कुछ तो तुम भी सोचते हो..
कुछ कर नहीं सकते हो तो, कम से कम दुआ करो…
एक ओहदा अता हुआ  है तुम्हें, जरा इसका तो हक अदा करो…
इस देश के तुम बन रहे, क्यों इक नए कलंक हो.
अब तुम खुद ही फैसला करो, तुम राजा हो या रंक हो..
कि अब छोड अपनी गद्दी को, इस देश का भला करो…
एक ओहदा अता हुआ  है  तुम्हें, जरा इसका तो हक अदा करो…

Friday 8 June 2012

घोटालों के दोषी…


यूँ ही छत की मुन्डेर पर खडे मैं सोच रहा था,
हाल ही में हुए घोटालों के बारे में,
और उनसे जुडे लोगों के बारे में.
मीडिया ने बताया -
- उन नेताओं के बारे में,
जो इन घोटालों से हुए हैं,
सबसे ज्यादा लाभान्वित,
चंद महीनों की जेल हुई.
और कुछ दागी होते हुए भी,
रहे बेदाग!
- उन कम्पनीज के बारे में,
जिन्होंने उनसे करोडों कमाए,
या जिनके डूब गए करोडों,
और बन्द हो गए।
पर भूल गई मीडिया,
इन घोटालों से प्रभावित होने वाले,
- उन लोगों को,
जिनपर इनका सीधा प्रभाव पडता है,
वो हैं इनमें काम करने वाले,
आम लोग!
जो हो गए हैं आज
बेरोजगार!
और हैं मजबूर, लाचार,
करने को कुछ भी,
आत्महत्या भी??
आखिर क्यों भूल जाती है,
ये मीडिया, ये कम्पनीज,
और ये सरकार?
कि इनकी भी रोजी-रोटी
चलती है, इन्हीं बेरोजगार,
बेसहारा, लाचार और मजबूर,
आम लोगों से;
जिनके पास, आज नहीं तो कल,
इन्हें जाना ही है,
झूठे वादे, झूठे दिलासे लेकर,
इन आम लोगों की बेबसी का,
एक बार फिर फायदा उठाने.
आखिर क्यों भूल जाते हैं,
लोकतन्त्र के ये शाह,
आम लोगों को???

Thursday 7 June 2012

सच और झूठ…


सच और झूठ में,
फर्क बस इतना है.
जो हम सुनना चहते हैं,
वो है सच!
और जो कहते हैं,
वो झूठ!!
ना कुछ सच है,
और ना ही कुछ झूठ…
बस हमरी सोच है!!!

जिसने जो चाहा, वो पाया !!!


हमने इल्तजा की थी,
उनको शिकायत लगी.
हम खुश थे,
और
वो नाराज…
जिसने जो चाहा, वो पाया !!!

Wednesday 6 June 2012

जिन्दगी में वो कभी विफल नहीं होता…


जिनके हौसलों में शंका का बादल नहीं होता.
जिन्दगी में वो कभी विफल नहीं होता..
और जिनको ऐतबार ना हो अपने आप पर.
वो शख्स कभी उम्र भर सफल नहीं होता..
पत्थर नहीं उछालता कोई उन दरख्तों पर.
जिनकी शाखों पर कोई फल नहीं होता..
रात ना होती कभी इतनी गहरी, काली.
जो तुम्हारी आँखों में काजल नहीं होता..
संसद में ढूंढ रहे थे हम, एक अच्छा नाम.
पर कीचडों में शायद अब कंवल नहीं होता..
ऐ 'श्वेत' शायद तुझको कोई पहचानता नहीं.
अगर तू लिखता ग़ज़ल नहीं होता.. 

Tuesday 5 June 2012

दिल में है दर्द, तो गजल करना पडेगा...


अपने शब्दों को थोडा सरल करना पडेगा.
दिल में है दर्द, तो गजल करना पडेगा..
गर बनना है सूरज, चमकने के लिये तो.
दोस्तों अन्दर ही अन्दर, जलना पडेगा..
मन्जिलों तक पहुँचना है तो रस्तों पर.
तन्हा बहोत दूर तक, चलना पडेगा..
बदलाव कोई बडा, लाना है तो 'श्वेत'.
पहले खुद अपने आप को बदलना पडेगा..
वरिष्ठ जनों का हार, बनाने के लिये माली को.
कुछ मासूम फूलों को, मसलना पडेगा...

Monday 4 June 2012

आज हर इन्सान यहाँ, लाश बन गया है क्यों ???


आज हर इन्सान यहाँ, लाश बन गया है क्यों ?
रिश्तों की जगह पैसा, एहसास बन गया है क्यों ??
तेज रफ्तारों ने यहाँ, छीनी है कई जिन्दगियाँ.
कारों में चलने वाला, यमराज बन गया है क्यों ??
सत्यमेव-जयते, सूक्त वक्य है जहाँ का.
झूठ वहाँ का गीता-कुरान बन गया है क्यों ??
जितना बडा नेता, उतना ही बडा चोर.
हर लुटेरा इस देश का, निगेहबान बन गया है क्यों ??

इस दुनियां का सच…


हमने एक कहानी बनाई,
उसको इतनी दफे सुनाई,
कि अब हकीकत,
झूठ लगे है.
और कहानी,
लगती है सच्ची…
इस दुनियां में,
सच क्या है?
और, झूठ क्या??
जिस सच को,
दबा और कुचल दिया जाता है,
वो झूठ!
और जिस झूठ को,
बढा-चढाकर और
कहानियों में गूंथकर सुनाया जाता है,
वही होता है, इस दुनियां का,
अन्तिम और अकाट्य,
सत्य!!
दबे-कुचले होते हैं, गरीब!
और जिनकी कहानियां होती हैं,
वो होते हैं अमीर!!
इस दुनियां का,
बस इतना सच है,
ये दुनियां,
बस इतनी ही सच्ची!!!