Saturday, 2 March 2013

ज़िन्दगी एक कोरा कागज़ है...

मन की चादर बहोत ही मैली है,
आओ गंगा को चल के गन्दा करें।
इन्सानियत नहीं है लोगों में,
धर्म का इनसे चलके धंधा करें।
ना तुम्हारी है और ना मेरी है,
सरे-बाज़ार इसको नंगा करें।
हमको खुद तो कुछ ना करना है,
दूसरों के काम में भी डंडा करें।
हममें बन्दर की नस्ल अब भी है,
बेवजह दूसरों से पंगा करें।
इतने दिनों से क्यों सुकूं है यहाँ,
चलो ना आज फिर से दंगा करें।
ज़िन्दगी एक कोरा कागज़ है,
मुख्तलिफ़ रंगों से इसको रंगा करें।
देश अपना बड़ा बीमार है 'श्वेत',
चलो सब मिलके इसको चंगा करें।

Monday, 18 February 2013

मुस्कुराने के वजह!!!

मुस्कुराने के वजह!!!
पहले बहोत से थे,
कभी नन्ही सी तितली को देखकर
उसके पीछे भागना,
तो कभी,
खाली माचिस की डिबिया को उछालना...
कभी सन्तरे वाली टॉफी पाकर
यूँ लगता, जैसे सबकुछ तो मिल गया है.
तो कभी
अंगूर के गुच्छे पाकर!

कभी चीनीवाली वो मिठाई,
तो कभी रामनारायन चाचा के यहाँ की जलेबी...
वो कंचे, वो गिल्ली-डंडा,
वो दिवाली के दिए,
वो पाँच छोटे-छोटे पत्थर के टुकड़े,
वो कागज़ से तरह-तरह के बने खिलौने,
और ना जाने क्या-क्या!!

खुशियाँ बहोत छोटी-छोटी थीं,
पर उनसे जिस्म ही नहीं,
रूह तक मुस्कुरा उठती थी...
और यूँ लगता,
जैसे और कुछ चाहिए ही नहीं,
सब कुछ तो मिल गया है!!!

पर आज,
खुशियाँ कितनी सिमट गयी हैं,
तीन साल में मिला कोई Promotion.
दो साल में पूरा किये हुए
किसी Project के लिए Boss की बधाई.
पुरे साल भर में Achieve किया हुआ कोई Target..
और महीने की पहली तारीख को आई हुई Salary ...

और उसपर भी ये ग़म,
कि पहले सप्ताह में सब ख़तम...

शायद,
कुछ ज़्यादा पाने की ख़्वाहिश में,
जो थोड़ा पास था वो भी गंवा बैठे हैं.
आँखों में लिए फिरते हैं समन्दर,
और Plastic Smile से सब छुपा बैठे हैं..
मुस्कुराने के वजह तो कुछ भी ना थे,
बेवजह ही हम मुस्कुरा बैठे हैं...
बेवजह ही हम मुस्कुरा बैठे हैं...

Muskurane ke wajah in my voice.

Sunday, 10 February 2013

कुछ शे'र मार रहा हूँ...

"तुझे पा ना सका, ये ग़म है मुझे,
तेरा नाम मगर, मरहम है मुझे..."

"ना कर इतना गुमां, पलकों पे मेरी, चढ़ के तू ऐ अश्क,
कि चढ़ आया है नज़रों में, तो तू उतर भी सकता है..."

"ना पूछिये, है कितना असर, मेरा मुझपर,
मैं ऐसा दर्द हूँ, जो खुद पे भी बेदर्द रहा..."

"इक आरजू है, कि आरजू ना रहे,
बहोत किया है ख़स्ताहाल, आरजू ने तेरी..."

"इस रफ़्तार से चलता है, दुनियां का कारवां,
दो पल पुराने ग़म भी, ठहरते नहीं पल भर..."

"ज़ज्बात-ए-जिस्म के तजुर्बे लेकर,
आखिरश रूह की दुनियां में आना ही पड़ा..."

                                                                    ........आगे भी ज़ारी रखूँगा...

Sunday, 3 February 2013

ज़िन्दगी के कैनवास पर...



ज़िन्दगी के कैनवास पर,
आते, अपलक दृश्य...
हँसते-हंसाते,
रोते-रुलाते,
गाते-गुनगुनाते,
दिखाते हैं वो मंज़र,
जिनसे बन सके,
एक, सम्पूर्ण चित्र...
पर, रह जाती है, अधूरी!
हमारे लिहाज से...
क्योंकि,
नहीं मिलाती,
हमारी सोच,
हमारी ज़िन्दगी की शक्ल से....

Thursday, 31 January 2013

सभ्य समाज...

हमें चिढ़ है,
भेड़ चाल से,
तभी तो हम रहते हैं,
हमेशा, जल्दी में,
आगे निकलने की होड़ में...
दूसरों का रास्ता काटते हुए,
या,
उन्हें पीछे धकेलते हुए,
हॉर्न बजाते हुए...
क्योंकि,
हम निर्माण कर रहे हैं,
एक सभ्य समाज का...

Sunday, 13 January 2013

भटकन...

कल रात, कोई आह सी जल रही थी।
जैसे, कोई शम्मा सी पिघल रही थी।
कई मरासिम से जैसे छूट रहे थे।
कुछ अपने, अपनों से रूठ रहे थे।
कुछ मदहोश लोग, होश की बातें कर रहे थे।
ज़ज्बे नहीं पर जोश की बातें कर रहे थे।
अच्छे लम्हे, बुरे लम्हों से शिकायत कर रहे थे।
कभी खुद से, कभी औरों से अदावत कर रहे थे।
लोगों में देखा बहोत रोष था।
फ़क़त कुछ ही दिनों का ये आक्रोश था।
हाँ! चले थे सभी रौशनी की तरफ,
पर वो जुगनू से ज्यादा कुछ नहीं था।
पर वो जुगनू से ज्यादा कुछ नहीं था।।


Monday, 7 January 2013

मैं अनलहक हूँ...

मैं,
अनलहक* हूँ...
सच तो यही है,
ना, मानने की बात है।
दुनियां,
इसी बात से खफा होती है,
और कभी,
इसी बात को स्वीकार करती है;
उसकी मर्जी की बात है।
मन आया,
मान गया,
वगर-ना,
ज़हर का प्याला...
कभी सर कलम...
और कभी,
सूली पर लटका दिया...
और जब उसे,
अपनी इस करतूत से शांति मिल गयी;
तो बुत बनाया,
और शुरू कर दिया,
उसे, 
पूजने का ढकोसलापन।।।

*अनलहक - मैं इश्वर हूँ।